Published On : Mon, Apr 7th, 2025
By Nagpur Today Nagpur News

गोंदिया: हाथों में तलवार और जय श्री राम के नारे से रंगमय दिखी महिलाएं

रामनवमी पर भक्तों में दिखा जबरदस्त उत्साह , शोभायात्रा जुलूस में जमकर थिरके कदम
Advertisement

गोंदिया। भगवान श्री राम के जन्मोत्सव ‘रामनवमी’ के अवसर पर राम भक्तों में जबरदस्त उत्साह का वातावरण दिखा। माथे पर तिलक, भगवा रंग का कुर्ता और पगड़ी, भव्य पैमाने पर भगवी पताकाएं ओर हाथों में बड़े-बड़े भगवा ध्वज लहराते हुए जब शहर में शोभायात्रा निकली तो पूरा शहर श्रीराम के जयघोष से गूंजने लगा। मौका था रामनवमी पर्व के उपलक्ष में श्री राम जन्मोत्सव समिति गोंदिया द्वारा धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से निकाली गई भव्य शोभायात्रा का। शहर के रामनगर क्षेत्र स्थित राम मंदिर से प्रभु श्री राम की आरती पूजन करने के उपरांत शोभायात्रा रविवार 06 अप्रैल को दोपहर 3 बजे आरंभ हुई।

चौराहों पर रामचरित्र मानस की चौपाइयां , जगह-जगह पुष्प वर्षा
शोभायात्रा के प्रमुख मार्गों पर रामचरित्र मानस की चौपाइयां और चौराहों पर जगह-जगह शोभायात्रा का फूलों की वर्षा के साथ स्वागत किया गया, इस मौके पर आतिशबाजी भी की गई। भव्य शोभायात्रा में हजारों रामभक्त महिला, पुरुष, युवक, युवतियां शामिल हुए जबकि सभी चौराहों, सार्वजनिक स्थलों के शोभायात्रा मार्ग पर डीजे की सुमधुर धुनों और गाजों बाजों के बीच राम भक्तों ने जबरदस्त जोश में कदमताल करते समां बांधा। आकर्षक तौर पर फूलों से सजे रथ और राम दरबार पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धालुओं ने प्रभु राम, देवी सीता और वीर हनुमान का आशीर्वाद ग्रहण किया।

Gold Rate
07 April 2025
Gold 24 KT 88,800/-
Gold 22 KT 82,600/-
Silver / Kg - 89,800/-
Platinum 44,000 /-
Recommended rate for Nagpur sarafa Making charges minimum 13% and above

महिलाओं की तलवारबाजी देख भक्त हुए हैरान
शोभायात्रा में सम्मिलित झांकियां भक्तों को आकर्षित कर रही थी।
हजारों की संख्या में महिला राम भक्तों का हुजूम सड़कों पर उमड़ आया और पूरा शहर राममय हो गया तथा राम नाम की गूंज हर तरफ सुनाई दे रही थी , इस दौरान मुख्य चौक चौराहों पर महिलाओं ने तलवारबाजी का हुनर दिखाया इस दौरान जय श्री राम के नारे में रंगमय दिखी महिलाएं , इस जबरदस्त उत्साह और जोश को देखकर दर्शक हैरान हो गए।
शोभायात्रा जुलूस में भक्ति गीतों पर महिलाओं ने जबरदस्त कदमताल किया।

शोभा यात्रा मार्ग पर जगह-जगह अल्पाहार का वितरण

शोभायात्रा ने हर वर्ष की तरह शहर के निर्धारित मार्गो का भ्रमण किया, इस बीच जगह-जगह राम भक्तों के स्वागत हेतु स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा अल्पाहार, फ्रूट्स तरबूज, शरबत, शीतल पेय जल, मैंगो शेक, आइसक्रीम मिठाई आदि का वितरण किया गया।
शोभायात्रा मार्ग पर श्री शिव प्रतिष्ठान हिंदुस्तान के स्वयंसेवकों ने तत्काल सफाई स्वच्छता अभियान चलाया और सड़कों पर बिखरा कूड़ा करकट इकठ्ठा कर उसे ट्रैक्टर के माध्यम से व्यवस्थित तरीके से डंपिंग यार्ड तक पहुंचाया , इस नेक कार्य की सराहना की जा रही है।

सांझ ढलते ही घरों के बाहर दीप हुए प्रज्वलित
विशेष उल्लेखनीय है कि प्रभु श्री राम जन्मोत्सव के अवसर पर रामनवमी के दिन राम भक्तों ने अपने घरों के बाहर आकर्षक रंगोली सजाई तथा सांझ ढलते ही दियों (दीपक) की रोशनी की जिससे आसपास का परिसर जगमग हो उठा यह अलौकिक नज़ारा दीपावली जैसे माहौल सा दिखाई पड़ता है ।

रवि आर्य

Advertisement
Advertisement